कुछ लोग हमारी ज़िंदगी में ऐसे आते हैं कि हम अपनी हर बात, हर तकलीफ़, हर खुशी उनसे बांटने लगते हैं। हम उन्हें अपने जज़्बातों की सबसे महफूज़ जगह मान बैठते हैं, एक ऐसा इंसान जिसके सामने हमें किसी मुखौटे की ज़रूरत नहीं होती। हम अपने दिल का हर दर्द, अपनी हर कमजोरी उसके सामने रख देते हैं, बिना इस डर के कि वो कभी हमें छोड़ देगा। हम हर एहसास उसमें इन्वेस्ट कर देते हैं, अपनी दुनिया उसके इर्द-गिर्द बुन लेते हैं।
लेकिन फिर वही इंसान, जिसे हमने अपनी हर भावना सौंपी थी, जिसे हमने अपनी सबसे गहरी परतों तक पहुंचने दिया था, अचानक हमारी ज़िंदगी से चला जाता है। बिना किसी ठोस वजह के, बिना कोई सफाई दिए। और हम बस खड़े देखते रहते हैं, अपने अंदर उठते तूफान को दबाने की कोशिश करते हुए। हमें समझ ही नहीं आता कि अब इस खालीपन को कैसे भरा जाए, क्योंकि हमने तो अपनी पूरी भावनात्मक दुनिया उसी इंसान में समेट दी थी।
समय बीतता है। कुछ नए लोग ज़िंदगी में आते हैं। वो हमारी टूटी हुई आत्मा को जोड़ने की कोशिश करते हैं, हमारे घावों को भरने की उम्मीद देते हैं। लेकिन अब समस्या यह होती है कि हम पहले जैसे नहीं रह जाते। अब जब कोई हमारे करीब आता है, तो मन में एक डर बैठ जाता है—"अगर यह भी चला गया तो?" भरोसा करने से पहले सौ बार सोचना पड़ता है।
क्योंकि जब एक बार भरोसे का जनाज़ा उठ जाता है, तो नए रिश्तों में उसे दोबारा ज़िंदा करना आसान नहीं होता।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें