कहते हैं, अपनों के बीच रहकर इंसान कभी अकेला नहीं होता।
पर मैं तो अपनों के बीच रहकर भी बिल्कुल अकेली हूँ।
ऐसा लगता है जैसे मेरी हर सांस पर किसी की नज़र है,
मेरी हर हलचल का हिसाब वहाँ पहुँचाया जाता है,
जहाँ मेरे ख़िलाफ़ साजिशें रची जाती हैं।
मेरे पास कोई ऐसा नहीं, जिससे मैं अपने दिल की बात कह सकूँ,
सिवाय मेरे कान्हा के।
शायद इसीलिए मैं उनसे इतना जुड़ गई हूँ,
क्योंकि इस दुनिया में कोई ऐसा नहीं, जो मेरी भावनाओं को समझे।
मुझे हमेशा से कहा गया कि मेरी भावनाएँ सिर्फ़ एक फ़लसफ़ा हैं।
मुझे समझने की जगह मेरा मज़ाक उड़ाया गया।
जिन रिश्तों से अपनापन माँगा,
उन्होंने मेरे ही जख्म कुरेदकर अपने सुकून का सामान बना लिया।
मेरी तकलीफ़ों से उन्हें संतोष मिलता है,
शायद इसलिए जब भी उन्हें वक़्त काटना होता है,
तो मेरे घावों को फिर से हरा करने आ जाते हैं।
मुझे कई बार धमकी दी गई कि मेरा अस्तित्व मिटा दिया जाएगा,
लेकिन ये डर भी अब मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
क्योंकि मैंने उस बेबसी को देखा है, जब बचपन में
मुझे सिर्फ़ 125 रुपये की गुड़िया के लिए तरसाया गया था।
वो दर्द आज भी मेरे अंदर जिंदा है।
आज मेरे पास जितनी भी गुड़ियाँ हैं,
वो उस एक अधूरे एहसास को कभी नहीं मिटा सकतीं।
कभी किसी ने मेरे जन्मदिन पर मेरे लिए कोई सरप्राइज़ नहीं सोचा।
कभी किसी ने मुझे कोई तोहफ़ा देने की चाह नहीं रखी।
मेरी हर प्यारी चीज़ मुझसे यह कहकर छीन ली गई
कि मेरे पास तो और आ जाएँगी।
लेकिन क्या कोई बता सकता है,
जो चीज़ दिल से जुड़ जाती है,
क्या उसका कोई दूसरा विकल्प हो सकता है?
हर बार मेरा विश्वास तोड़ा गया,
हर बार मेरी भावनाओं का तमाशा बनाया गया।
पर अब नहीं।
अब मैं खुद अपनी दुनिया बना रही हूँ।
जिसमें दर्द होंगे, पर मजबूती भी होगी।
जिसमें आँसू होंगे, पर हार नहीं होगी।
अब मैं किसी की कठपुतली नहीं हूँ,
अब मैं अपने लिए जीना चाहती हूँ।
और जो लोग मेरे दर्द को फ़लसफ़ा समझते हैं,
उन्हें बताना चाहती हूँ—
मेरे आँसू सिर्फ़ बहने के लिए नहीं,
बल्कि एक दिन इस दुनिया में मेरी कहानी लिखने के लिए हैं।
"मैं कोई तमाशा नहीं हूँ"
मुझे कभी-कभी लगता है कि मैं एक खुली किताब हूँ,
जिसे कोई भी पढ़ सकता है, फाड़ सकता है,
या फिर अपने मतलब के हिसाब से मोड़ सकता है।
मुझे देखकर कुछ लोगों को सुकून मिलता है—
पर मेरा मुस्कुराना नहीं, बल्कि मेरा टूटना उन्हें राहत देता है।
जब मैं गिरती हूँ, जब मैं रोती हूँ,
तब उनके चेहरे पर एक अनकहा जश्न होता है।
तुम्हें क्या लगता है?
कि मैं बस यूँ ही बैठी हूँ, और यह दर्द मेरी पसंद है?
तुम्हें क्या लगता है?
कि मेरी मेहनत का कोई मतलब नहीं, क्योंकि मैं एक लड़की हूँ?
या फिर इसलिए कि मेरी तकलीफें तुम्हारे लिए सिर्फ़ एक "फ़लसफ़ा" हैं?
मैं दिन-रात मेहनत कर रही हूँ।
हर पन्ना जो मैं पढ़ती हूँ, मेरे सपनों की इमारत की एक ईंट है।
हर लफ्ज़ जो मैं याद करती हूँ, वो मेरे उजले कल की सीढ़ी है।
मगर तुम्हें क्या मतलब?
तुम तो बस मेरे हारने का इंतज़ार कर रहे हो।
तुम्हें यह हक़ किसने दिया कि तुम मेरी नाकामी का जश्न मनाओ?
तुम कौन होते हो तय करने वाले कि मेरे आँसू कब गिरेंगे और मेरी हँसी कब रुकेगी?
मैं तुम्हारे दिए हुए नामों से परे हूँ।
मैं सिर्फ़ एक इम्तिहान की नाकामी से नहीं टूटूँगी,
क्योंकि मैं अपनी मेहनत की ताकत जानती हूँ।
हाँ, डर लग रहा है,
क्योंकि मैं इंसान हूँ, कोई पत्थर नहीं।
हाँ, घबराहट होती है,
क्योंकि मैंने खुद को हर हाल में संभाला है,
और अब भी संभाल रही हूँ।
मगर याद रखना—
मैं कोई तमाशा नहीं हूँ,
जो तुम्हारे मज़े के लिए रोई जाए।
मैं एक कहानी हूँ, जो खुद को लिख रही है।
"टूटी गुड़िया और बिखरे सपने"
बचपन की उस गली में, जहाँ खेलना चाहा था,
एक गुड़िया के लिए भी, तरसाया गया था।
आज हाथों में कितनी ही गुड़ियाँ हैं,
पर उस दिन की बेबसी अब तक जिंदा है।
जो अपने थे, वही ज़ख़्म कुरेदने आते हैं,
मेरे लहू से उन्हें सुकून क्यों आता है?
मेरे हर आँसू को फ़लसफ़ा कहते हैं,
मेरी तकलीफों को मज़ाक बनाते हैं।
एक परछाई हर वक़्त निगाह रखती है,
हर लम्हे की ख़बर साज़िशों तक जाती है।
कभी अपनों के बीच होकर भी अकेली हूँ,
हर खुशी छिनी, पर बस ख़ामोश सहेली हूँ।
जिन लम्हों को प्यार से सजाया था,
हर बार किसी ने आकर मिटाया था।
कोई जन्मदिन बिना तोहफे के बीता,
हर सपना हाथों से छूटकर गिरा।
पर कान्हा की बाँहों में अब भी सुकून है,
वहाँ कोई छल नहीं, कोई ग़म नहीं।
मेरी कहानियाँ आँसुओं से लिखी हैं,
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें