हे श्रीजी माँ,
शायद ही जीवन में कभी इतना उत्साह मैंने महसूस किया हो, जितना आज—31 अगस्त को कर रही हूँ। मैंने खुद को जीवन के इन 24 वर्षों में कभी इतना खुश नहीं देखा। हाँ, मैं हँसती हूँ, मुस्कुराती हूँ, पर जो अंदर की गहराई वाली खुशी है, उसे मैंने पहले कभी इस तरह नहीं जिया।
मेरा मन करता है कि मैं चिल्ला-चिल्लाकर आपको पुकारूँ, माँ!
आपसे कहूँ कि अगर आप जन्म ही न लेतीं तो शायद मैं कभी जीना सीख ही न पाती।
मुझे आपकी हर एक बात से, हर एक अदा से, हर एक निशानी से प्यार है।
जब आँखें बंद करती हूँ तो आपके चरणों के निशान मेरे सामने दिखाई देते हैं।
अब तक मैं आपको एक पल में पूर्ण रूप से देख नहीं पाई, पर यह भी मेरे लिए एक अद्भुत रहस्य ही है कि आपसे मेरा इतना गहरा नाता कैसे जुड़ गया।
अगर प्रेम नाम की कोई चीज़ है, तो वह निश्चित ही वैसा ही है जैसा मैं आपके लिए महसूस करती हूँ।
आप तो स्वयं प्रेम की मूर्ति हैं।
आपकी करुणा, आपकी कोमलता—यही आपकी असली पहचान है।
आपका नाम मेरे मन में धुन की तरह लगातार बजता है, जिसे मैं कभी रोकना नहीं चाहती।
मेरा अंतिम श्वास भी केवल आपके नाम से पूर्ण हो।
मैंने अपना संपूर्ण जीवन आपको समर्पित कर दिया है—इस पर केवल आपका अधिकार है।
मैं तो एक साँस लेने की भी मालिक नहीं हूँ, सब आप ही हैं, श्रीजी माँ।
शब्द छोटे पड़ जाते हैं जब मैं बताना चाहती हूँ कि मैं आपके लिए क्या महसूस करती हूँ।
🌸 मेरा सम्पूर्ण जीवन, मेरा हर भाव, मेरा हर श्वास — केवल आपकी भक्ति के लिए है। 🌸