मंगलवार, 5 अगस्त 2025

"नदियाँ और हमारा कल: प्रवाह की परंपरा"


हिंदू धर्म में नदियाँ केवल जलधाराएँ नहीं हैं — वे हमारी संस्कृति की वाहक हैं, हमारी भावनाओं की साक्षी हैं और समय के सतत प्रवाह की प्रतीक हैं। जब किसी अपने का देहांत होता है, तो हम उनकी अस्थियों का विसर्जन नदियों में करते हैं। यह परंपरा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन के प्रति हमारे दृष्टिकोण का गूढ़ संकेत है।

हम अपने अतीत को, अपने कल को—जिसे हमने जिया, जिससे हम जुड़े थे—उसे हम नदियों के हवाले कर आते हैं। क्यों? शायद इसलिए कि नदियाँ रुकती नहीं। वे ठहराव को नहीं जानतीं। हज़ारों लोग, हज़ारों अस्थियाँ, हज़ारों कहानियाँ उनमें समा जाती हैं, पर वो कभी किसी को बोझ नहीं मानतीं। वे उन्हें साथ लेकर चलती हैं—अपनी जिम्मेदारी की तरह, अपने स्वभाव की तरह।

नदियाँ हमें एक गहरा पाठ पढ़ाती हैं—कि हमें भी अपने जीवन में प्रवाह बनाए रखना चाहिए। जिस तरह वे अधूरेपन को नहीं अपनातीं—न आधे वक़्त को, न अधूरे साथ को—उसी तरह हमें भी सीखना चाहिए कि जब भी कुछ छोड़ना हो, तो पूरी तरह से छोड़ें। और जब भी किसी को साथ लेना हो, तो पूरे होने की नीयत से लें।

नदियाँ हमें सिखाती हैं कि पीछे छूटे कल को सम्मान देना ज़रूरी है, पर उस पर ठहर जाना जीवन नहीं। उन्हें बहा देना, उन्हें विदा करना, आगे बढ़ने का पहला क़दम है।

शायद यही कारण है कि हम अपने प्रियजनों की अस्थियाँ नदियों में विसर्जित करते हैं—क्योंकि हम जानते हैं कि नदियाँ उन्हें बहा ले जाएँगी उस अनंत यात्रा पर, जहाँ ठहराव नहीं, केवल शांति है। और हमारे लिए छोड़ जाएँगी एक सीख—चलते रहो, बहते रहो… पूरेपन के साथ।

कोई टिप्पणी नहीं: