गुरुवार, 13 फ़रवरी 2025

हमेशा औरत ही क्यों कसूरवार?


रिश्ता टूट गया। एक कहानी खत्म हो गई। लेकिन इस कहानी का आखिरी पन्ना लिखने का हक़ सिर्फ़ एक को मिला—मर्द को। क्योंकि जब कोई शादी खत्म होती है, तो सबसे पहले सवाल औरत के किरदार पर उठाए जाते हैं।

"ज़रूर लड़की में ही कोई कमी होगी।"
"वो बदतमीज़ थी, जुबान चलाती थी, बर्दाश्त नहीं कर पाई।"
"बहुत आज़ाद ख्याल थी, इसलिए घर नहीं बसा पाई।"
"जरूर उसका किसी और से रिश्ता होगा!"

ये समाज कभी यह नहीं सोचता कि शादी दो लोगों के बीच का रिश्ता है। अगर शादी टूटी है, तो उसमें दोनों की गलतियाँ हो सकती हैं, दोनों की तकलीफें हो सकती हैं। लेकिन दोष सिर्फ़ औरत के हिस्से क्यों आता है?

"तुम्हारे साथ कौन शादी करेगा?"

जब एक औरत तलाक के बाद अपनी ज़िंदगी फिर से संवारने की कोशिश करती है, तो उसे बार-बार यह सुना दिया जाता है कि अब उसे कोई नहीं अपनाएगा। समाज के लिए तलाकशुदा औरत का मतलब होता है—"समस्या वाली औरत", "झगड़ालू", "घर तोड़ने वाली"। लेकिन कोई ये नहीं पूछता कि उस शादी में आखिर क्या हुआ था?

क्या वो रोज़ की बेइज़्ज़ती से तंग आ चुकी थी?
क्या उसका पति उसे समझने में असफल रहा?
क्या उसे मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी?
क्या उसने बस इतना चाहा कि उसे भी इंसान समझा जाए?

लेकिन इन सवालों के जवाब मायने नहीं रखते। क्योंकि इस समाज के लिए, औरत का दर्द उसकी खुद की गलती होती है।

"शायद मुझे ही मर जाना चाहिए था?"

जब हर कोई तुम्हें ही कसूरवार ठहराने लगे, जब तुम्हारे किरदार पर उंगलियाँ उठें, जब तुम्हारी हर तकलीफ़ का मज़ाक उड़ाया जाए—तो एक वक़्त आता है जब लगता है कि शायद सच में यही बेहतर होता कि मैं इस रिश्ते में घुट-घुटकर मर जाती। या फिर सच में ही मर जाती, ताकि कम से कम ये इल्ज़ाम तो ना झेलने पड़ते।

लेकिन नहीं।
क्योंकि जो जीकर अपनी आवाज़ उठाती हैं, जो अपने लिए खड़ी होती हैं, वही असली हिम्मती होती हैं। समाज की सोच बदले न बदले, लेकिन खुद को दोषी मानकर जीना अब मुमकिन नहीं।

क्योंकि तलाक किसी की ज़िंदगी की हार नहीं, बल्कि एक नया मौका है—खुद को फिर से पाने का, फिर से जीने का।


कोई टिप्पणी नहीं: