रात के अंधेरे में सिसकियों की आवाज़ अक्सर दीवारों के पीछे दब जाती है। सुबह होते ही वही चेहरा एक झूठी मुस्कान के पीछे छिप जाता है। कुछ कहने की हिम्मत होती भी है तो समाज के तानों का डर उसे ज़ुबां तक आने नहीं देता। यही हाल होता है उन लाखों लड़कियों का, जो अपने सपनों को मारकर, अपनी ज़िंदगी उन हाथों में सौंप देती हैं जिन्हें खुद ज़िंदगी का मोल नहीं पता।
"बचपन से ही बोझ बना दी जाती हैं"
एक लड़की के जन्म लेते ही समाज की आँखों में वो एक जिम्मेदारी बन जाती है। "बेटी को बोझ मत समझो" जैसे नारे भले ही दीवारों पर लिखे हों, लेकिन असलियत इससे कोसों दूर होती है।
"ज्यादा मत हँसो, लोग क्या कहेंगे?"
"घर की इज्ज़त का ध्यान रखो!"
"इतनी पढ़ाई लिखाई कर के क्या करोगी? आख़िर में चूल्हा-चौका ही करना है!"
ऐसे अनगिनत ताने उसकी हर खुशी को धीरे-धीरे कुचल देते हैं। उसे सिखाया जाता है कि उसका पहला कर्तव्य समाज के नियमों में ढलना है, खुद को साबित करना नहीं।
"सपनों का गला घोंट दिया जाता है"
वो पढ़ना चाहती है, आगे बढ़ना चाहती है, लेकिन एक उम्र के बाद उसके सपनों से ज्यादा ज़रूरी उसकी शादी हो जाती है। घरवालों के लिए उसकी खुशियों से ज़्यादा समाज की राय मायने रखती है।
"अब तुम्हारी उम्र हो रही है, अच्छा रिश्ता मिल रहा है, मना मत करना।"
"लड़की के नखरे ज्यादा नहीं चलेंगे, जितनी जल्दी शादी हो जाए उतना अच्छा!"
और वो, जो अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी, अब किसी और के भरोसे अपनी जिंदगी बिताने के लिए मजबूर कर दी जाती है। वो समझौता करती है—अपने सपनों से, अपने अस्तित्व से, अपनी पहचान से।
"पराया धन बना दी जाती हैं"
शादी के बाद उसकी ज़िन्दगी सिर्फ़ "पत्नी" और "बहू" के किरदार तक सिमट कर रह जाती है। अगर ससुराल में कुछ गलत हो रहा है, तो उसे सहने की सीख दी जाती है। अगर पति उसे समझे बिना उसके आत्मसम्मान को कुचल रहा है, तो भी उसे ही सब्र रखने को कहा जाता है।
"हर शादी में थोड़ी बहुत तकलीफ होती है, झगड़े तो होते ही हैं!"
"लड़की होकर घर छोड़कर मत आना, मायके की इज्ज़त का सवाल है!"
और इस तरह, वो हर रोज़ अपने अस्तित्व के साथ समझौता करती जाती है। कई बार मानसिक प्रताड़ना, कई बार शारीरिक हिंसा—पर उसे सहना पड़ता है। क्योंकि उसे सिखाया गया था कि "औरत सहने के लिए बनी है।"
"कब तक समझौता करेंगी बेटियाँ?"
क्यों हर लड़की को ये सब झेलना पड़ता है? क्यों उसे अपने अस्तित्व को मिटाकर किसी और की परछाई बनना पड़ता है? समाज ने जो खोखले नियम बना रखे हैं, क्या वो इंसानियत से ऊपर हैं?
परिवर्तन की ज़रूरत है। अब वक्त आ गया है कि लड़कियाँ सिर्फ़ समाज के नियमों का पालन करने के लिए न जिएं, बल्कि अपनी शर्तों पर जिएं। उन्हें समझना होगा कि वो सिर्फ़ किसी की बेटी, पत्नी या बहू बनकर नहीं जन्मी हैं—वो अपनी पहचान खुद गढ़ सकती हैं।
"अब बदलाव की बारी है"
हर उस लड़की के लिए, जो अपने सपनों को ज़िंदा रखना चाहती है—डरो मत।
हर उस बेटी के लिए, जिसे समाज ने यह मानने पर मजबूर कर दिया कि वो कुछ नहीं कर सकती—खुद पर भरोसा रखो।
हर उस स्त्री के लिए, जो दर्द और तकलीफ सहकर भी मुस्कुराने की कोशिश कर रही है—अब सहना बंद करो।
तुम्हारी जिंदगी तुम्हारी अपनी है। इसे किसी और के हवाले मत करो। खुद के लिए जीना सीखो, क्योंकि दुनिया को तुम्हारी हिम्मत से डर लगता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें