मुझे आज भी याद है वो दिन, जब पहली बार हाथ में माइक आया था। उत्साह था, लेकिन डर भी कम नहीं था। कभी ओपनिंग में शब्द उलझ जाते, तो कभी क्लोज़िंग में लफ्ज़ फिसल जाते। लेकिन कहते हैं ना, जब मैदान में उतरोगे तो खेलना सीख ही जाओगे!
ज़मीनी रिपोर्टिंग: हर कोने को छुआ, हर हकीकत को परखा
मध्य प्रदेश के लगभग हर कोने को मैंने कवर किया। उन गलियों में घूमी, जहाँ नेता सिर्फ चुनाव के दौरान ही कदम रखते हैं। उन गांवों में गई, जहाँ लोगों की तकलीफें रिपोर्टों से ज़्यादा हकीकत में बोलती हैं। लेकिन हर बार मेरे सवालों की धार को कुंद करने की कोशिश की गई।
"ये सवाल मत पूछो, इसे थोड़ा मुलायम कर दो, इतना आक्रामक मत बनो!"
कई बार मेरे तैयार किए गए सवालों को सिर से नकार दिया जाता था। लेकिन जब-जब मुझसे कहा गया—
"जाओ मेरी शेरनी, कूद पड़ो मैदान में!"
तो ऐसा लगता था कि हाथ में माइक नहीं, तलवार है। मन करता था नेताओं से सीधा पूछूं—
"पांच सालों में आखिर किया क्या?"
लेकिन ये सब सिर्फ ख़यालों तक ही सीमित रह जाता था। असलियत में, राजनीति की चकाचौंध और मीडिया की सीमाओं के बीच सच को तोड़-मरोड़कर पेश करना ही मजबूरी बन जाता था।
डर से निडरता तक का सफर
एक वक़्त था जब कैमरा ऑन होते ही घबराहट होती थी, आवाज़ कांप जाती थी। लेकिन धीरे-धीरे रिपोर्टिंग की दुनिया में कूदते-कूदते एक नई ताकत मिल गई। अब दिल करता है कि कोई बस खुला मैदान दे दे और कहे—
"कहाँ से, किसका, कौन-सा हिसाब निकालना है?"
क्योंकि अब न तो सवालों में झिझक है, न जवाबों में संकोच। अब जो दिखता है, वही बोलने की हिम्मत है।
सीख और सफर का अंत नहीं
इस सफर में जितनी दिक्कतें आईं, उससे ज़्यादा कहानियाँ मिलीं। कुछ अनकही, कुछ अधूरी, और कुछ इतनी सच्ची कि उन्हें शब्दों में ढालना भी मुश्किल। ग्राउंड रिपोर्टिंग ने सिर्फ पत्रकार नहीं बनाया, बल्कि ज़िंदगी को देखने का एक अलग नजरिया भी दिया।
अब जब माइक हाथ में आता है, तो लगता है कि ये सिर्फ एक उपकरण नहीं, बल्कि वो हथियार है जिससे सच्चाई की लड़ाई लड़ी जा सकती है। बस अब इंतजार है उस दिन का, जब ये लड़ाई बिना किसी बंधन के लड़ी जा सके।
माइक था हाथ में, पर तलवार सा लगता,
सच बोलने का हौसला, हर बार बढ़ता।
कभी सवालों को कुंद किया गया, कभी रोका गया,
पर आँखों ने हर सच्चाई को भांप ही लिया।
गांव की गलियों से सत्ता के दरबार तक,
हर चेहरे पर लिखी हकीकत उतारी मैंने कागज़ पर नक्श।
डर से निडर होने का सफर आसान न था,
पर हकीकत की राह पर चलना मेरा अरमान था।
अब कह दो, किसका कौन सा हिसाब निकाले,
माइक उठ चुका है, अब कोई ना टाले।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें