जब किसी इंसान पर लगातार मुश्किलें आती हैं, जब उसके हिस्से में सिर्फ़ आज़माइशें और तकलीफ़ें आती हैं, तो उसका दिल टूट जाता है। वह ख़ुदा से ही सवाल करने लगता है—"आखिर मेरी ही परीक्षा क्यों?" न जाने कितनी लड़कियां हर रोज़ खुदा से यह सवाल करती हैं। वह नाशुक्री नहीं होतीं, लेकिन जब उनकी दुआएं कबूल नहीं होतीं, जब उनके हिस्से में सिर्फ़ सब्र और सहनशीलता आती है, तो उनका ईमान भी हिलने लगता है।कहते हैं, खुदा इंसान से सत्तर माओं से ज्यादा प्यार करता है। लेकिन फिर यह प्यार सिर्फ़ कुछ लोगों तक ही सीमित क्यों है? कुछ लोगों की ज़िंदगी फूलों की तरह आसान क्यों होती है, और कुछ लोगों को कांटों पर चलने के लिए क्यों छोड़ दिया जाता है? क्या खुदा भी किसी से कम मोहब्बत करता है, या फिर कुछ इंसानों को सिर्फ़ तकलीफ़ों के लिए ही पैदा किया गया है?
"मैंने हर रात तुझसे ही फरियाद की,
हर आँसू तेरी चौखट पर गिराया मैंने।
पर तूने हर बार मेरी दुआ अनसुनी की,
क्या मेरा रब होना भी गंवारा नहीं तुझे?"
क्यों दुनिया में औरत के हिस्से में ही हमेशा सब्र लिखा जाता है? क्यों उसे ही सहने और झुकने के लिए मजबूर किया जाता है? अगर खुदा ने औरत को भी इंसान बनाया, तो उसे इन्साफ क्यों नहीं मिलता? अगर तक़दीर खुदा के हाथ में है, तो औरत की तक़दीर में सिर्फ़ तकलीफ़ें ही क्यों लिखी जाती हैं?"कहते हैं, रब की मर्जी के बिना कुछ नहीं होता,
फिर मुझे दर्द लिखने से पहले, मेरी रज़ामंदी क्यों न पूछी?
अगर औरत को सहने के लिए बनाया, तो मर्द को इन्साफ क्यों दिया?मेरे हिस्से में सिर्फ़ सब्र, और उनके हिस्से में फैसले क्यों?कभी-कभी ऐसा लगता है कि शायद यह किसी पिछले जन्म की सज़ा है। शायद मैंने कोई ऐसा गुनाह किया था, जिसकी सज़ा मुझे हर जन्म में मिलती रहेगी। लेकिन फिर सवाल उठता है—अगर खुदा इतना रहमदिल है, तो वह किसी को इतनी सज़ा क्यों देगा कि उसकी रूह ही दर्द में डूब जाए?
"अगर हर जनम का हिसाब लिखा तेरा फरिश्ता,
तो मेरी बेगुनाही का सबूत कहां दर्ज किया?"
अगर खुदा से कभी आमने-सामने बात करने का मौका मिले, तो एक सवाल पूछना चाहूंगी—"जब तूने मुझे अपनी सबसे खूबसूरत मख़लूक़ कहा, तो मेरी तक़दीर सबसे बदसूरत क्यों बनाई?" अगर सब कुछ तेरी मर्जी से होता है, तो मेरे नसीब में सिर्फ़ दर्द ही क्यों? अगर तूने मुझे खुशियां देने की कसम खाई होती, तो क्या मैं आज तुझसे शिकायत कर रही होती?
"तू कहता है, तेरी रहमत सब पर बराबर है,
फिर मेरे हिस्से का चैन कौन ले गया?
तू कहता है, तू सबसे बड़ा इन्साफ करने वाला है,
फिर मेरे दर्द का हिसाब कब देगा?"
मैं नाशुक्र नहीं हूं, लेकिन अब थक गई हूं। मुझे तुझसे कोई और सवाल नहीं पूछना। क्योंकि शायद तेरे पास मेरे हर सवाल का एक ही जवाब होगा—"सब्र रख।" लेकिन अब मैं थक चुकी हूं सब्र करते-करते। अब अगर तेरा कोई जवाब हो, तो मेरे हिस्से की तक़दीर बदल दे।
"क्योंकि एक इंसान का सब्र भी एक दिन खत्म हो जाता है, और उस दिन वह इंसान नहीं, बल्कि एक सवाल बन जाता है।"
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें