शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025

"बाबा, मैं भी बेटा हूँ... पर इंसान भी हूँ"



बचपन से सुना है—
"बेटा रोते नहीं, डरते नहीं, हिम्मत नहीं हारते!"
पर बाबा, आज कहने दो,
मैं भी रोना चाहता हूँ, आपकी छाती से लिपटकर।

मैं भी चाहता हूँ,
कि जैसे बहन आपकी बाहों में सुकून पाती है,
वैसे ही मैं भी आपकी गर्म हथेलियों का स्पर्श महसूस करूँ,
बस एक पल को ही सही, पर खुद को मासूम समझ सकूँ।

बाबा, मैं भी डरता हूँ...
अंधेरों से नहीं, अपने भीतर के अंधेरे से।
कभी-कभी ख्याल आता है—
अगर मैं गिर गया, तो आपकी इज्ज़त भी गिर जाएगी?
अगर मैं डगमगा गया, तो आपकी बरसों की कमाई मान मिट्टी में मिल जाएगी?
सोचता हूँ, कभी आपसे कह दूँ—
"बाबा, मैं भी इंसान हूँ, मुझसे भी गलतियाँ हो सकती हैं!"
पर डरता हूँ, कहीं आप भी कह न दो—
"बेटा, लड़के कमज़ोर नहीं होते!"

पर सच तो ये है, बाबा...
कमज़ोर मैं नहीं, ये दुनिया है, जो सिर्फ़ लड़कों को मज़बूत देखने की ज़िद करती है।
ये दुनिया कहती है—
बेटियों को सहारा चाहिए, बेटों को हिम्मत।
पर सच तो ये है, बाबा—
बेटे भी टूटते हैं, बेटे भी बिखरते हैं, बेटे भी सहारे की तलाश में होते हैं।

मैं जानता हूँ, आप मुझसे बेइंतहा प्यार करते हैं,
पर कभी मेरे सिर पर वैसे ही हाथ फेरकर देखिए,
जैसे बहन के सिर पर फेरते हैं,
मैं भी अपने डर को, अपनी थकान को, अपनी बेबसी को,
आपकी बाहों में समेट देना चाहता हूँ।

बाबा, मैं भी इंसान हूँ,
मुझे भी रोने दीजिए, मुझे भी सहारा दीजिए,
बस एक बार, मुझे भी बेटा नहीं,
आपका बच्चा समझ लीजिए...


कोई टिप्पणी नहीं: