रविवार, 9 मार्च 2025

"दोस्ती का क़त्ल"


वो दोस्ती जिसे हमने अपनी रूह का हिस्सा समझा, वो रिश्ता जिसे हमने खून से ज्यादा करीब माना—वो एक दिन अचानक दम तोड़ देगा, ये कभी सोचा नहीं था। तेईस साल... हाँ, पूरे तेईस साल, जिसमें बचपन के खिलखिलाते दिन, जवान होती उम्मीदें और एक-दूसरे की मुस्कुराहटों की हिफ़ाज़त थी। और फिर एक दिन, सब कुछ खत्म।
मुझे लगता था कि दुनिया चाहे बदल जाए, रिश्तों की परिभाषाएँ चाहे उलट जाएँ, लेकिन एक सच्ची दोस्ती कभी नहीं टूट सकती। पर शायद मैं गलत थी। दोस्ती का एक नियम होता है—"दो लोग साथ मिलकर इसे निभाते हैं, एक अकेला चाहे जितना भी जूझ ले, उसे बचा नहीं सकता।"
तेरी हर ख़ुशी में मेरा चेहरा खिल जाता था, तेरी हर परेशानी मेरी रातों की नींद उड़ा देती थी। तेरी दुनिया में सब कुछ सही रहे, इसके लिए मैंने न जाने कितनी बार अपनी दुनिया की बुनियाद हिलाई। पर तुझे क्या मिला? मेरी पीठ पीछे वार करने का आनंद?किसी ने सच ही कहा है, "धोखा वही देते हैं, जिन पर हम सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं।" तेरा घर, जो मेरा दूसरा घर था, अब मुझे अजनबी सा लगता है। वो दरवाज़ा, जिससे मैं बेझिझक अंदर चली जाती थी, आज मेरे लिए बंद है। वहाँ अब मेरी परछाईं भी नहीं जाएगी, क्योंकि वहाँ मेरे भरोसे की लाश पड़ी है।मैं मरी नहीं हूँ, पर अंदर से ज़िंदा भी नहीं हूँ। हर वो लम्हा जब मैं तुझे अपना सबसे बड़ा सहारा मानती थी, वो अब किसी काँच की तरह टूटकर चुभता है। तेरा ये धोखा मेरी रूह के आर-पार हो गया है।लेकिन सुन, अब मैं और सहन नहीं करूंगी। अब मैं और नहीं टूटूंगी। अब मैं सिर्फ़ अपनी लड़ाई लड़ूंगी, खुद से, ज़िन्दगी से। अब किसी के दर्द का कारण नहीं बनूंगी, क्योंकि अब मैं किसी के लिए भी उम्मीद नहीं रखूंगी।तेरी दोस्ती को दफनाकर मैं आगे बढ़ रही हूँ। न तेरी यादों का बोझ, न तेरी बातों की परवाह। तूने मुझे गिराने की कोशिश की, लेकिन देख, मैं अब उठूँगी, और इतनी ऊँचाई तक जाऊँगी कि तेरा नाम भी मेरे आस-पास न हो।

"मैं रोई नहीं, मैंने बस खुद को तुझसे आज़ाद कर लिया।"

"मैंने तो बस तुझमें खुद को देखा था,
पर तुझे शायद मेरा वजूद ही भारी लगा।
तेरी दुनिया के लिए जो अपने आप को मिटा दिया,
उसी को मिटाकर तुझे सुकून मिला।"

अब न तेरा नाम ज़ुबान पर आएगा,
न तेरी यादों का कोई असर होगा।
तूने दोस्ती का कत्ल किया है,
अब मेरी मोहब्बत पर कोई जहर होगा।

 सिर्फ़ शब्द नहीं, तेरा अपराध है। पढ़ और महसूस कर कि तूने क्या खो दिया!


कोई टिप्पणी नहीं: