सोमवार, 16 फ़रवरी 2026

​खामोश चिड़िया और हादसों का इंतज़ार: क्या संभलने के लिए बिखरना ज़रूरी है?

"जब आदमी मर जाता है, तब आदमी कुछ नहीं बोलता... कुछ नहीं सोचता।" तापसी पन्नू के द्वारा कही गई ये पंक्तियाँ जब कानों से होकर रूह तक पहुँची, तो एक अजीब सी खामोशी छा गई। हम अक्सर जिंदगी की भागदौड़ में इतने मसरूफ हो जाते हैं कि खुद से मिलना भूल जाते हैं, और जब रुकते हैं, तो अंदर का शोर इतना तेज होता है कि सहम जाते हैं।

​त्रासदी का इंतज़ार क्यों?
अजीब फितरत है हम इंसानों की। हम तब तक सही रास्ते पर नहीं चलते, जब तक कोई बड़ी त्रासदी हमारा रास्ता न रोक ले। हम हर बार एक गहरे जख्म का इंतज़ार क्यों करते हैं ताकि हम मरहम की कीमत समझ सकें? क्या वाकई हर सबक के लिए एक गलती और हर बदलाव के लिए एक हादसे का होना लाज़मी है?

​आंगन की वो चहकती चिड़िया
मैं भी अपने बाबा के आंगन की वो चहकती चिड़िया थी, जिसकी एक हंसी से घर के बड़ों के चेहरे दमक उठते थे। मैं उनकी वो बेबाक मुस्कान थी जो बिना वक्त देखे चली आती थी। लेकिन फिर वक्त बदला और जिंदगी कुछ ऐसे हादसों से गुजरी कि वो चहक कहीं खो गई। अपनों ने मुझे दोबारा हंसाने की हर मुमकिन कोशिश की, अपनी मुस्कान तक दांव पर लगा दी, पर वो चिड़िया फिर कभी उस बेफिक्री से नहीं चहकी।
​अब आलम यह है कि हंसी अगर कानों तक पहुँचती भी है, तो रूह सहम जाती है। डर लगता है कि इस हंसी के पीछे कहीं कोई और बड़ा तूफान तो नहीं छिपा?

​ईश्वर की रचना और हमारा आसमान
कभी-कभी सोचती हूँ कि काश! उस गौरैया का आसमान ही अलग होता। वो उड़ती अपनी मर्जी से, जहाँ किसी बाज़ का खौफ न होता। जब ईश्वर ने प्रकृति बनाई होगी, तो क्या सोचा होगा? गुलाब बनाया तो सुरक्षा के लिए कांटे भी दिए। पर कमल के साथ ऐसा क्यों नहीं किया? शायद इसलिए, क्योंकि कमल को ईश्वर ने अपने पास, अपने चरणों में रखने के लिए चुना था। शायद हम जैसे कुछ लोग भी उसी कमल की तरह हैं, जिन्हें दुनिया के कांटों से ज्यादा ईश्वर की शरण में सुकून मिलता है।

कोई टिप्पणी नहीं: